लिफ्ट मांगकर बैग से नकदी उड़ाने वाला शातिर चोर गिरफ्तार

निसं

जयपुर (नवयत्न)। हरमाड़ा थाना पुलिस ने लिफ्ट मांग कर राहगीरों से चोरी करने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी किए गए 48 हजार रुपए नगद, आधार कार्ड और वोटर आईडी बरामद कर ली है। आरोपी नशे की लत पूरी करने के लिए राहगीरों से लिफ्ट लेकर उनके बैग और कीमती सामान पर हाथ साफ करता था। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि हरमाड़ा थाना पुलिस ने लिफ्ट मांग कर राहगीरों से चोरी करने वाले एक शातिर चोर कैलाश सैनी उर्फ विजय (28) जयरामपुरा रोड हरमाड़ा को गिरफ्तार

किया है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कालवाड़ और हरमाड़ा थानों में आरएनसी एक्ट के तहत दो मामले दर्ज हैं, जिनमें पुलिस चार्जशीट पेश कर चुकी है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 48 हजार रुपए नकद, आधार कार्ड और वोटर आईडी बरामद कर लिए हैं।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले संभावित शिकार की रेकी करता था और फिर रास्ते में लिफ्ट मांगकर बाइक पर बैठ जाता था। मौका मिलते ही वह चालक को बातचीत में उलझाकर नकदी और कीमती सामान चुरा लेता था। चोरी के बाद दस्तावेजों को फाड़कर फेंक देता और नकदी नशे व मौज-मस्ती में खर्च कर देता था।

इस मामले के खुलासे में थानाधिकारी उदय सिंह, हेड कांस्टेबल बुद्धराम, राकेश कुमार, कांस्टेबल दयाराम, धर्मपाल और राजेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आरोपी को ट्रैक कर गिरफ्तार करने में कांस्टेबल धर्मपाल का विशेष योगदान रहा।

You might also like