करंट से मौत, 7 घंटे बाद उठा शवः ग्रामीणों ने सड़क पर किया प्रदर्शन, मुआवजे पर बनी सहमति

 

 

श्रीराम तिवाड़ी 

नोखा (नवयत्न ) । थाना क्षेत्र के रोड़ा गांव में हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से ग्रामीण नकू सिंह की मौत के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने शनिवार देर रात तक विरोध प्रदर्शन किया। करीब 7 घंटे तक चले धरने के बाद पुलिस और प्रशासन के साथ हुए समझौते के बाद शव को नोखा मॉर्च्यूरी भिजवाया गया। जानकारी के अनुसार, शनिवार रात नकू सिंह अपनी ढाणी की ओर जा रहे थे, तभी एक हाईटेंशन तार टूटकर उन पर गिर गया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई, मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और सुरक्षा संबंधी स्थाई समाधान की मांग की। देर रात कार्यवाहक तहसीलदार सुरेश डारा, सीआई अरविंद भारद्वाज, बिजली विभाग के अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित सैकड़ों ग्रामीणों के बीच वार्ता हुई। इसमें मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिलाने, एक डेयरी बूथ का प्रस्ताव भेजने, ढीले बिजली तारों और अन्य कमियों को दूर करने तथा गोविंद नगर क्षेत्र में असुरक्षित बिजली लाइनों की प्रशासनिक जांच कराने पर सहमति बनी। रविवार सुबह करीब 11 बजे मॉर्च्यूरी के बाहर लिखित समझौता पढ़कर सुनाया गया। इस दौरान बिजली विभाग के एईएन प्रमोद बारूपाल ने दुर्घटना वाली लाइन को हटाकर अन्यत्र शिफ्ट करने, पास की ढाणियों व खानों के ऊपर से गुजर रही लाइन को हटवाने, लूज लाइनों को दुरुस्त कराने और विभाग स्तर पर भी उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए सहमत हुए और नोखा पुलिस की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

 

 

 

 

 

 

 

You might also like