दिल्ली में 41 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले
एक ही बिल्डिंग में रहते थे
दिल्ली, 2 मई। दिल्ली में कापसहेड़ा इलाके की ठेके वाली गली में एक बिल्डिंग के 41 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। 18 अप्रैल को इस इमारत में पहला संक्रमित मिला था। इसके बाद बिल्डिंग सील करके यहां रहने वाले 176 लोगों के सैम्पल लिए गए। 11 दिन बाद इनमें से 67 लोगों की रिपोर्ट आई है, जिनमें 41 पॉजिटिव हैं। हरियाणा से सटा कापसहेड़ा घनी बसाहट वाला इलाका है। देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 37 हजार 472 हो गई है। शनिवार को आंध्रप्रदेश में 62, राजस्थान में 54, हरियाणा और उत्तरप्रदेश में 12-12, कर्नाटक और बिहार में 9-9, ओडिशा और त्रिपुरा में 2-2, जबकि उत्तराखंड में 1 मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, कुल संक्रमित 37 हजार 336 हैं। 26 हजार 167 का इलाज चल रहा है। 9950 ठीक हो चुके हैं और 1218 की मौत हो चुकी है।