देश में 25 मई से घरेलू उड़ानें शुरू

नई दिल्ली. देश में 25 मई से घरेलू उड़ानें शुरू हो जाएंगी। कई एयरलाइन ने शुक्रवार से बुकिंग शुरू कर दी। सबसे पहले इंडिगो ने सुबह 10 बजे से बुकिंग शुरू की। डिटेल शेड्यूल भी जारी कर दिया। इसके बाद स्पाइस जेट और एयर इंडिया ने भी बुकिंग विंडो खोल दिए। तीनों एयरलाइन के दिल्ली से मुंबई तक के सारे टिकट एक घंटे में बुक हो गए। अन्य शहरों के लिए बुकिंग जारी है।

डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन (डीजीसीए) की ओर से सभी एयरलाइंस को रूट और स्टेशन चार्ट दे दिया गया है। अब ये कंपनियां तय करेंगी कि उन्हें किस रूट पर सेवाएं शुरू करनी हैं और उसके लिए बुकिंग कब से शुरू करनी है। कुल 8 एयरलाइंस को रूट एलॉट हुआ है। इनमें एयर इंडिया, इंडिगो, गो एयर, एयर एशिया, एलायंस एयर, स्पाइस जेट, ट्रू जेट और विस्तारा शामिल हैं। अभी ट्रू जेट, विस्तारा, एलायंस एयर, एयर एशिया और गो एयर में बुकिंग शुरू नहीं हुई है।

नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप पुरी ने गुरुवार को घरेलू उड़ानों के लिए डिटेल गाइडलाइन जारी की। इसमें बताया कि अभी केवल 33% उड़ाने ही शुरू होंगी। उन्होंने बताया कि अगले तीन महीने तक के लिए किराए फिक्स कर दिए गए हैं। ताकि, एयरलाइन मनमानी नहीं कर सकें। दिल्ली-मुंबई का 90-120 मिनट की उड़ान का मिनिमम किराया 3 हजार 500 रुपए और मैक्सिमम 10 हजार रुपए होगा।

You might also like