देशी जुबान पर आते-आते यूं बन गया भिंडी बाजार

जानिए क्या है कोरोना के बीच चर्चा में आए मुंबई के भिंडी बाजार का सच

मुंबई,(दीपक वैष्णव)16 मई। राजस्थान के शेखावाटी के झुंझुनूं जिले के छोटे से गांव त्यौंदा से एक युवक कोरोना पॉजिटिव आने के बाद मुंबई का ‘भिंडी बाजार’ देशभर में चर्चा में है।

ये लाजिमी भी है। यहां बता दें कि शेखावाटी का ये कोरोना संक्रमित युवक गत 11 मई को गांव वापसी के लिए अपने भाई के साथ मुंबई के भिंडी बाजार से ही ट्रक में बैठकर रवाना हुआ था। इस तरह कोरोना महामारी के बीच भिंडी बाजार का कोरोना कनेक्शन और इसकी चर्चाएं। दोनों ही मुंबईकरों को भी लुभा रही हैं।

बाजार के नाम से भिंडी का नहीं है कोई सरोकार
देश की माया नगरी दक्षिणी मुंबई के इस पुराने बाजार का भिंडी सब्जी से कोई सरोकार नहीं है। आजादी से पहले ईस्ट इंडिया कंपनी के शासन में इस जगह का मूल नाम ‘बिहाइंड द बाजार’ था। बाद में धीरे-धीरे मुंबईवासी भारतीयों की ठेठ देसी जुबान पर आते-आते भिंडी बाजार हो गया।

बाजार से थोड़ी ही दूर है चोर बाजार
दक्षिणी मुंबई में मोहम्मद अली रोड व खेतवाड़ी के बीच स्थित भिंडी बाजार के नजदीक क्राफोर्ड मार्केट व चोर बाजार भी हैं। यहां का नजदीकी रेलवे स्टेशन मुंबई लोकल की हार्बर लाइन पर सैंडहस्र्ट रोड है। वेस्टर्न लाइन पर चर्नी रोड और ग्रांट रोड स्टेशन से होकर हम भिंडी बाजार पहुंच सकते हैं। ये बाजार एंटिक्स और दूसरे देशों से आयात की गई इलेक्ट्रॉनिक्स वस्तुओं के लिए ख्यात है।

You might also like