डम्पर-मोटर साईकिल की भिड़ंत
बाइक सवार की मौत, एक घायल झुंझुनूं रैफर
खेतड़ी,(जयंत खाँखरा)23 मई। खेतड़ी-जयपुर स्टेट हाईवे सड़क मार्ग पर शुक्रवार की रात्रि में डम्पर व मोटर साइकिल की भिड़ंत हो गई। बेहद दर्दनाक हुए सड़क हादसे में डम्पर के टायर के नीचे आने से बाइक सवार की मौके पर ही मृत्यु हो गई तथा उसके साथ बैठा दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसकी फोटो व वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। घटना की सूचना पर मौके पर खेतड़ी पुलिस पहुंची और दोनों को खेतड़ी के अजीत अस्पताल में लाया गया।
थानाधिकारी खेतड़ी शीशराम मीणा ने बताया कि शुक्रवार रात एक सड़क हादसे में बाइक और डंपर की भिड़ंत होने से एक युवक की मृत्यु हो गई तथा दूसरे को गंभीर चोट आई है। इस सम्बन्ध में मृतक युवक के पिता ने थाने में डम्पर चालक के खिलाफ लापरवाही से डम्पर चला कर टक्कर मारने का मामला दर्ज करवाया।
थाने में खेतड़ी के वार्ड नं. 5 निवासी अब्दुल हनान ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि मेरा पुत्र सलमान व उसका दोस्त जमील खेतड़ी से पपुरना मोटर साईकिल से जा रहे थे रास्ते में लूणा की ढाणी के पास सामने से आ रहे डम्पर चालक ने तेज गति व लापरवाही से मोटर साईकिल के टक्कर मार दी। जिससे मेरे पुत्र सलमान की मौके पर ही मौत हो गई तथा जमील गम्भीर रुप से घायल हो गया। उसे राजकीय अजीत अस्पताल लाया गया जहा से उसे झुंझुनूं रैफर किया गया। पुलिस ने डम्पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर मृतक सलमान के शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सुपुर्द किया।