एक युवक आया कोरोना पॉजिटिव
परिजनों व चालक का लिया सैंपल
राजलदेसर,(कुंदन दाधीच)18 मई। कस्बे के वार्ड दो निवासी एक युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। युवक 11 मई को हावड़ा से सरदारशहर आई एक निजी बस में आया था। 13 मई को उसे प्रशासन ने क्वारेंटाइन कर दिया था तथा 15 मई को सैम्पल लिया गया। चूरू में 17 मई को हुई जांच में वह कोरोना पॉजिटिव पाया गया। पॉजिटिव युवक के आठ परिजन व एक चालक का सोमवार को सीएचसी में सैम्पल लेकर जांच के लिए चूरू भिजवा दिया गया। परिजनों को स्वामी विवेकानन्द स्कूल, चालक व कोरोना पॉजिटिव के सम्पर्क में आए 10 जनों को भरतिया स्कूल में क्वारेंटाइन किया गया है। सोमवार को चिकित्सा विभाग की टीमों ने वार्ड दो में घर-घर जाकर सर्वे किया। कार्यपालक मजिस्ट्रेट सुभाष कुल्हरी ने बताया कि बेवजह घूमने-फिरने वाले व मास्क का उपयोग न करने वालों के साथ सख्ती की गई है। कस्बे में पुलिस गश्त बढ़ाकर धारा 144 की पालना पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ।