गांवों में कृषक चौपाल लगाकर मतदान के लिए करेंगे जागरूक
अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। पंचायत राज आम चुनाव-2026 में शत-प्रतिशत मतदान के लिए जिले की ग्राम पंचायतों में कृषक चौपालों का आयोजन किया जाएगा। इनके माध्यम से ग्रामीण मतदाताओं को मतदान के महत्व की जानकारी देकर अपने मताधिकार का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने बताया कि 19 अक्टूबर को अलसीसर व बुहाना, 20 को चिड़ावा व गुढ़ा, 21 को गुढ़ा गौड़जी व झुंझुनूं, 22 को बबाई व मंडावा, 23 को सिंघाना व पिलानी, 24 को नवलगढ़ व खेतड़ी तथा 25 अक्टूबर को उदयपुरवाटी व सूरजगढ़ पंचायत समिति क्षेत्रों में कृषक चौपालें आयोजित होंगी। कार्यक्रमों में ग्रामीणों को लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए जागरूक किया जाएगा। साथ ही मतदाताओं को शत-प्रतिशत मतदान की शपथ भी दिलाई जाएगी।