मानसिक स्वास्थ्य पर छात्राओं को दी जागरूकता की सीख
सुरेंद्र शर्मा
झुंझुनूं (नवयत्न)। जेके मोदी गर्ल्स स्कूल में मानसिक स्वास्थ्य माह के तहत छात्राओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें डॉ. कपूर थालौर और डॉ. तुलसी शर्मा ने छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, तनाव प्रबंधन और भावनात्मक संतुलन के बारे में जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है। पढ़ाई, प्रतियोगिता और व्यक्तिगत परिस्थितियों के कारण होने वाले तनाव को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। किसी तरह की चिंता या मानसिक परेशानी होने पर अभिभावक, शिक्षक या विशेषज्ञ से बातचीत करनी चाहिए। छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी भ्रांतियों से दूर रहने और जरूरत पड़ने पर मदद लेने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि समय पर किसी से बातचीत करना मानसिक परेशानी को समझने और उससे निपटने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हो सकता है। विद्यालय की प्रधानाचार्य सुलोचना बुडानिया ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता जरूरी है। कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।