खेदड़ों की ढाणी में फिर फव्वारा नोजल चोरी, एक साथ थाने पहुंचे किसान
निसं
गुढ़ागौड़जी (नवयत्न)। गुढ़ाबावनी पंचायत की खेदड़ों की ढाणी में फव्वारा सैट की नोजल चोरी होने का मामला सामने आया है। तीन दिन पहले इसी ढाणी में सैकड़ों नोजल चोरी होने के बाद अब दोबारा वारदात से किसानों में रोष है। पीड़ित किसान एकत्र होकर गुढ़ागौड़जी थाने पहुंचे और अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दी। खेदड़ों की ढाणी निवासी झुथाराम पुत्र श्योलाराम जाट ने रिपोर्ट में बताया कि सोमवार रात अज्ञात चोर खेतों में लगे फव्वारा सैट की नोजल चोरी कर ले गए। मंगलवार सुबह करीब 7 बजे खेत पर पहुंचने पर चोरी का पता चला। उसके खेत से 17 नोजल गायब मिलीं। इसके अलावा किसानों के अनुसार महावीर की 14, खेमचंद मेघवाल की 12, मनीराम की 9, मदनसिंह की 14, चंदगीराम की 10, कैलाश मेघवाल की 8, ममता मेघवाल की 5, जगदीश प्रसाद की 30, बुजाराम की 10, रविचन्द्र जाट की 8, मक्खन लाल की 15 और गोपाल कांटीवाल की 13 नोजल चोरी हुई हैं। किसानों ने आसपास तलाश और पूछताछ की, लेकिन चोरी हुई नोजलों का पता नहीं चला। ग्रामीणों का कहना है कि करीब तीन दिन पहले भी इसी ढाणी से सैकड़ों फव्वारा नोजल चोरी हुई थीं। उस मामले में पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। इसके बाद दोबारा चोरी होने से किसानों में नाराजगी है। किसानों ने पुलिस से चोरी की वारदातों का खुलासा कर नोजल बरामद करने और क्षेत्र में रात की गश्त बढ़ाने की मांग की है।
किसानों का दर्द
सुबह खेत पर पहुंचा तो फव्वारा सैट की 17 नोजल गायब मिली। आसपास तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। कुछ दिन पहले भी इसी ढाणी में चोरी हुई थी। बार-बार चोरी होने से किसानों में डर और नाराजगी है। पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग है। झुथाराम जाट, पीड़ित किसान
मेरे खेत से 30 नोजल चोरी हुई है। एक ही जगह पर बार-बार चोरी होने से लगता है कि चोर रात में खेतों को निशाना बना रहे हैं। किसानों का नुकसान हो रहा है। पुलिस को रात्रि गश्त बढ़ाकर चोरों का पता लगाना चाहिए। जगदीश प्रसाद, किसान