पेट्रोल पंप पर हमले मामले में चार दिन बाद भी मेडिकल रिपोर्ट नहीं

डी के सैनी
जयपुर (नवयत्न ) । नारायण विहार थाना क्षेत्र के वंदेमातरम रोड स्थित सांवरिया फिलिंग स्टेशन पर 4 अप्रैल को हुए हमले में पंप मालिक सोहनलाल चौधरी और दो कर्मचारियों को गंभीर चोटें आईं, लेकिन चार दिन बाद भी मेडिकल रिपोर्ट नहीं आने से पुलिस कार्रवाई अटकी हुई है। हमले में सोहनलाल के सिर पर 7 और कर्मचारी माहिर के सिर पर 14 टांके आए, जबकि संतोष कुमार को हल्की चोटें आईं। आरोपियों ने मारपीट के दौरान 43 हजार रुपए भी छीन लिए।
घटना के बाद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई, लेकिन मेडिकल रिपोर्ट के अभाव में पुलिस ने सामान्य मारपीट व चोरी की धाराओं में केस दर्ज किया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद है।
जानकारी के अनुसार, कार सवार युवकों ने प्लास्टिक बोतल में पेट्रोल भरने की मांग की, जिसे नियमों के चलते मना करने पर विवाद हुआ और बदमाशों ने हमला कर दिया।
मेडिकल जांच के लिए पीड़ितों को कई दिन तक विभिन्न डिस्पेंसरी और अस्पतालों के चक्कर काटने पड़े। डॉक्टरों की अनुपस्थिति, क्षेत्राधिकार विवाद और सर्वर डाउन जैसी वजहों से रिपोर्ट समय पर अपलोड नहीं हो सकी।
थानाधिकारी गुंजन सोनी ने बताया कि एक आरोपी को राउंड कर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

You might also like