नि:शुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित, 90 रोगियों को मिला लाभ
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। महावीर इंटरनेशनल नोखा केंद्र के तत्वावधान में भारतीय सेवा समाज एवं डालमिया सेवा ट्रस्ट दिल्ली-जोधपुर के सहयोग से शनिवार को महावीर इंटरनेशनल सेवा केंद्र भवन, नोखा में नि:शुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आयुर्वेदाचार्य डॉ नमन निभेरिया ने विभिन्न रोगों से पीड़ित 90 रोगियों की जांच कर उन्हें उचित चिकित्सकीय परामर्श दिया। साथ ही रोगियों को एक माह की दवाइयां भी नि:शुल्क उपलब्ध करवाई गई। शिविर का आयोजन भारतीय सेवा समाज डालमिया ट्रस्ट दिल्ली-जोधपुर की प्रेरणा से तथा पवन पॉलिटेक्स प्राइवेट लिमिटेड (नंदी पाइप), नोखा के सौजन्य से किया गया। शिविर के माध्यम से क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों को आयुर्वेदिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगरपालिका चेयरमैन बजरंगलाल सोनी, महावीर इंटरनेशनल के अंतर्राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेन्द्रसिंह राठौड़ एवं भारतीय सेवा समाज के निदेशक कैलाशसिंह रतनू सहित मंचासीन अतिथियों द्वारा भगवान महावीर एवं स्वामी कृष्णानंद के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात महावीर इंटरनेशनल की प्रार्थना के साथ कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत हुई। केंद्र चेयरमैन सुरेन्द्रकुमार हीरावत ने शिविर के आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि महावीर इंटरनेशनल नोखा केंद्र सामाजिक एवं मानवीय सेवा के कार्यों के प्रति सदैव समर्पित रहा है। इसी उद्देश्य से चिकित्सा शिविर आयोजित कर आमजन को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जा रहा है। केंद्र के स्वास्थ्य एवं शिविर प्रभारी लक्ष्मीकांत राठी ने बताया कि शिविर में आयुर्वेदाचार्य डॉ नमन निभेरिया ने दमा, श्वास रोग, गठिया, जोड़ों का दर्द, पथरी, शुगर, गैस, खांसी सहित विभिन्न बीमारियों से पीड़ित 90 रोगियों की जांच की। रोगियों को उनकी समस्याओं के अनुसार चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा एक माह की दवाइयां नि:शुल्क वितरित की गई। उन्होंने बताया कि शिविर में उपचार एवं परामर्श प्राप्त करने वाले रोगियों की आगे की स्वास्थ्य स्थिति जानने के लिए आगामी फॉलोअप शिविर 13 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि नगरपालिका चेयरमैन बजरंगलाल सोनी, भारतीय सेवा समाज के निदेशक कैलाशसिंह रतनू एवं आयुर्वेदाचार्य डॉ नमन निभेरिया का केंद्र चेयरमैन सुरेन्द्र हीरावत, कोषाध्यक्ष रामेश्वरलाल छींपा, ईश्वरचन्द दूगड़ द्वारा दुपट्टा ओढ़ाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में भामाशाह कैलाशचंद्र झंवर, मारवाड़ी युवा मंच के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेन्द्र भट्टड़, शिक्षाविद् डॉ जयकरण चारण एवं डॉ चन्द्रा सोलंकी की गरिमामय उपस्थिति रही। इसके अतिरिक्त डॉ एमपी तिवाड़ी, सीकरचंद पींचा, जगदीश डागा, पुरुषोत्तम तापड़िया, जयचंद बेताला, छगनलाल राठी, भंवरलाल छींपा, विजय पारख, बछराज पारख, विजय सेठिया, एडवोकेट विनायक चितलंगी, सीए पंकज चांडक, मनोज राठी, भंवरलाल बाहेती, वीरा कमला मरोठी, लीला मरोठी, विजयश्री रांकावत, रजनी मरोठी सहित अनेक गणमान्य नागरिक, रोगी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे। शिविर के सफल संचालन में उमाशंकर मल, महावीर पींचा, गणेश पींचा, वीरा संजू सोनी एवं किरण अग्रवाल ने रजिस्ट्रेशन सहित विभिन्न सेवा कार्यों में सहयोग किया। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने शिविर में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, भामाशाहों, चिकित्सकों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। शिविर का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।