मूंडरू गांव की सीमाओं पर पहरा देने वाले योद्धाओं का सम्मान
श्रीमाधोपुर,(महेन्द्र खडोलिया)12 मई। मूंडरू में बाहर से आने वाले लोगों को गांव की सीमाओ में प्रवेश करने से रोकने के लिए गांव के सर्व समाज के युवाओं ने एसडीएम व थानाधिकारी की अगुवाई पर मूंडरू ग्राम पंचायत के सभी मुख्य मार्गों को ब्लॉक करके सप्ताह भर तक अपना पहरा दिया। सप्ताह भर तक पहरा देकर ग्राम पंचायत की सुरक्षा करने पर एसडीएम लक्ष्मीकांत गुप्ता व थानाधिकारी कैलाश चंद मीणा ने सभी युवाओं की प्रशंसा की। भामाशाह राज्यपाल पुरस्कृत शिक्षक रामदयाल सैनी, सरदारमल यादव, अध्यापक श्रवण कुमार सैनी ने गांव की सीमाओं पर पहरा देने वाले सर्व समाज के 110 युवाओं का माला एवं तौलिया ओढ़ाकर तथा युवाओं के लिए अल्पाहार, फ्रूट, मास्क, सेनेटाइजर सहित जरूरत की चीजें उपलब्ध करवाने वाले विश्व भारती सेवा संस्थान एनजीओ एवं आदर्श एजुकेशन संस्थान एनजीओं, पुलिसकर्मी, डॉक्टर्स, पटवारी, सफाईकर्मी, चैक पोस्ट पर ड्यूटी करने वाले कर्मी आदि पदाधिकारियों का सम्मान किया। इस दौरान भामाशाहों ने एसडीएम लक्ष्मीकांत गुप्ता, थानाधिकारी कैलाश मीणा, सरपंच सुमित्रा देवी मिश्रा, एडवोकेट रामजी लाल मिश्रा का भी माला, साफा एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। वहीं अंबेडकर युवा मंच एवं कोर कमेटी सदस्यों ने युवाओं का सम्मान करके हौसला अफजाई करने पर सभी भामाशाहों का आभार व्यक्त किया। एसडीएम लक्ष्मीकांत गुप्ता श्रीमाधोपुर द्वारा राज्यपाल से सम्मानित शिक्षक राम दयाल सैनी तथा श्रवण कुमार सैनी अध्यापक राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय मूंडरू का माला, साफा तथा प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया ।