फूसराज तोदी भवन का भव्य उद्घाटन कल

ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न)। राजलदेसर के नेशनल हाईवे-11 बीकानेर रोड स्थित नवनिर्मित फूसराज तोदी भवन (रिजॉर्ट) का भव्य उद्घाटन आज दोपहर 2 बजे आयोजित किया जाएगा। समारोह में देश के प्रसिद्ध योग गुरु बाबा रामदेव महाराज एवं साध्वी ऋतंभरा मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। समारोह में कई संत-महात्माओं एवं विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी रहेगी। युवा उद्योगपति आनंद तोदी, रिजॉर्ट मैनेजर वीरेंद्र लाटा ने बताया कि समारोह में स्वामी चिंद्रानंद सरस्वती महाराज, आचार्य बालकृष्ण, स्वामी हरिचेतनानंद महाराज, स्वामी रामानंद महाराज, मुरलीधर महाराज एवं संत सोमनाथ महाराज सहित अनेक संत-महात्माओं का सान्निध्य रहेगा। समारोह के लिए ईश्वरचंद तोदी, मुख्य ट्रस्टी, जयनारायण बजरंगलाल तोदी ट्रस्ट, राजलदेसर की ओर से विशेष आग्रह किया गया है। कार्यक्रम में देवकीनंदन तोदी, नारायण तोदी, आनंद तोदी, बनवारीलाल तोदी, यश तोदी, कैलाश अग्रवाल, अमित अग्रवाल, राज अग्रवाल, जितेंद्र अग्रवाल सहित तोदी परिवार के सदस्य एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे। ईश्वरचंद तोदी एवं आनंद तोदी ने बताया कि राजलदेसर कस्बे में लंबे समय से अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त बड़े भवन की कमी महसूस की जा रही थी। साथ ही बड़े आयोजनों के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं होने के कारण लोगों को बाहर के स्थानों पर निर्भर रहना पड़ता था। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए फूसराज तोदी भवन का निर्माण कराया गया है। उन्होंने बताया कि यह भवन विवाह समारोह, सामाजिक कार्यक्रमों, बड़े धार्मिक आयोजनों एवं संत-महात्माओं के प्रवचन सहित विभिन्न कार्यक्रमों के लिए उपयोगी साबित होगा। बाहर से आने वाले प्रवासियों एवं मेहमानों के ठहरने के लिए भी यहां बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। फूसराज तोदी भवन में वर्तमान में 70 कमरों के साथ बड़े हॉल एवं गार्डन की व्यवस्था की गई है। भवन में आगंतुकों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त कमरे, पर्याप्त पार्किंग तथा टैक्सी चालकों के ठहरने के लिए अलग से व्यवस्था की गई है। भवन को इस तरह विकसित किया गया है कि बड़े स्तर के आयोजनों में आने वाले मेहमानों को एक ही परिसर में ठहरने और कार्यक्रम आयोजित करने की सुविधा मिल सके। उन्होंने बताया कि भवन में स्विमिंग पूल एवं अतिरिक्त कमरों के निर्माण का कार्य भी जल्द शुरू किया जाएगा। उनका कहना है कि यह भवन रतनगढ़ तहसील का सर्वाधिक कमरों एवं बड़े गार्डन की सुविधा वाला भवन बनने की दिशा में तैयार किया गया है। उद्घाटन समारोह को भव्य एवं यादगार बनाने के लिए भवन परिसर में साज-सज्जा, मंच व्यवस्था, अतिथि स्वागत, पार्किंग सहित अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार उद्घाटन समारोह में राजलदेसर ही नहीं, बल्कि देश के विभिन्न हिस्सों के साथ विदेशों में रहने वाले राजलदेसर के प्रवासी भी बड़ी संख्या में शामिल होंगे। योग गुरु बाबा रामदेव, साध्वी ऋतंभरा सहित प्रमुख संत-महात्माओं की मौजूदगी में होने वाले उद्घाटन समारोह को लेकर राजलदेसर एवं आसपास के क्षेत्र में खासा उत्साह बना हुआ है। आयोजकों की ओर से अतिथियों एवं आगंतुकों के स्वागत के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। ज्ञात रहे योग गुरु बाबा रामदेव कई वर्षों पहले इसी स्थान पर आ चुके हैं लेकिन साध्वी ऋतंभरा राजलदेसर में पहली बार आ रही है जिसको लेकर धर्म प्रेमी लोगों में काफी उत्साह नजर आ रहा है साथ ही दर्जनों संत महात्मा भी शिरकत करेंगे। आयोजन को लेकर तोदी परिवार एवं राजलदेसर कस्बेवासी दिन रात तैयारी को अंतिम रूप दे रहे हैं सभी कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेवारी दी गई है। सभा स्थल पर शानदार डेकोरेशन एवं मंच भी बनाया गया है वहीं थाना प्रभारी बेगा राम मीणा ने आयोजन स्थल की तैयारी को लेकर जायजा लिया एवं तोदी परिवार के आनंद तोदी, अनिल तोदी कार्यक्रम की पूरी जानकारी उपलब्ध कराई।

You might also like