मंडावा रोड पर कचरे का अंबार, बहते सीवरेज से छात्राएं और मरीज बेहाल
बाबूलाल वर्मा
झुंझुनू (नवयत्न)। शहर के व्यस्त मंडावा रोड पर नगर परिषद की सफाई व्यवस्था की पोल खुलती नजर आ रही है। सडक़ किनारे निजी शिक्षण संस्थान और निजी अस्पताल के पास कचरे का बड़ा ढेर लगा है। वहीं, ओवरफ्लो सीवरेज का गंदा और बदबूदार पानी सडक़ पर बह रहा है। इससे पूरे क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध का माहौल बना हुआ है। शिक्षण संस्थान में रोजाना आने वाली सैकड़ों छात्राओं को इसी गंदगी और गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। सडक़ पर जमा पानी के कारण राहगीरों को भी परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से सफाई व्यवस्था बदहाल है, लेकिन जिम्मेदारों की ओर से समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा।
मरीजों को भी परेशानी
सीवरेज और कचरे के ढेर के पास ही निजी अस्पताल होने से मरीजों और उनके परिजनों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। अस्पताल आने-जाने वाले लोगों को दुर्गंध के बीच से गुजरना पड़ता है। गंदगी के कारण संक्रमण का खतरा भी बना हुआ है।
लोगों ने जताई नाराजगी
स्थानीय लोगों का कहना है कि कचरे का नियमित उठाव नहीं होने और सीवरेज की सफाई नहीं होने से समस्या लगातार बढ़ रही है। लोगों ने नगर परिषद से सडक़ पर बह रहे सीवरेज के पानी की तत्काल निकासी कराने, कचरा हटाने और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।