लूटपाट करने वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार
डी के सैनी
जयपुर (नवयत्न ) । ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस ने लूट की वारदात का महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया सामान भी बरामद किया है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर (पूर्व) ने बताया कि 30 मार्च 2026 को परिवादी गुरुदयाल मीणा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह ट्रांसपोर्ट नगर चौराहे के पास टेम्पो लेकर खड़ा था। इसी दौरान एक युवक आया और जबरन जेब से पर्स निकालकर फरार हो गया। पर्स में 9 हजार रुपए, आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज थे। इस पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा मुखबिर की सूचना के आधार पर संदिग्ध की पहचान की।
कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सोहेल कुरैशी (27) निवासी आजाद नगर, ट्रांसपोर्ट नगर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटा गया सामान बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी नशे का आदी है और नशे की पूर्ति के लिए लूट, चोरी और छिनैती की वारदातों को अंजाम देता था। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।