अवैध पिस्टल और 4 कारतूस के साथ हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार
अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। आगामी नगर निकाय चुनाव को देखते हुए पिलानी पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ लगातार तीसरी कार्रवाई की है। पुलिस ने सक्रिय हिस्ट्रीशीटर दीपू उर्फ दिगपाल (39) निवासी झेरली को अवैध पिस्टल, मैगजीन और 4 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार टीम गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हिस्ट्रीशीटर दीपू उर्फ दिगपाल राजगढ़-लुहारू हाईवे पर पाथडिय़ा स्टैंड के पास मौजूद है और किसी वारदात को अंजाम देने के बाद भागने की फिराक में है। सूचना पर थानाधिकारी अलका विश्नोई ने अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से अवैध पिस्टल, मैगजीन और 4 जिंदा कारतूस मिले। हथियार का लाइसेंस या कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने हथियार जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से हथियार कहां से खरीदा और किस वारदात के लिए ले जा रहा था, इस संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पिलानी थाने का सक्रिय हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, डकैती की योजना, आर्म्स एक्ट और जानलेवा हमले सहित 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं। कार्रवाई थानाधिकारी अलका विश्नोई के नेतृत्व में एएसआई रूपेंद्र सिंह, कांस्टेबल हरेंद्र, प्रवीण कुमार और महिपाल सिंह की टीम ने की।