शहर में परिषद की ओर से हाईपो क्लोराइड के छिड़काव का दूसरा चरण शुरू
सभापति-आयुक्त ने किया वाहनों को रवाना
चूरू,(पीयूष शर्मा)28 मई। कोरोना महामारी के प्रभाव को देखते हुए नगरपरिषद प्रशासन ने गुरुवार को शहर में हाईपो क्लोराइड के छिड़काव का दूसरा चरण शुरू किया।
कांग्रेस नेता रफीक मंडेलिया के निर्देशानुसार शुरू किए गए दूसरे चरण के वाहनों को सभापति पायल सैनी व आयुक्त द्वारकाप्रसाद ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सभापति सैनी ने बताया कि दूसरे चरण में तीन ट्रैक्टर में हाईपो क्लोराइड की टंकिया रवाना की गई है। प्रत्येक ट्रैक्टर शहर के 20 वार्डों व बाजारों को कवर करेगा।
इससे पहले भी मंडेलिया फाउंडेशन व नगरपरिषद की ओर से प्रत्येक वार्ड की प्रत्येक गली में हाईपोक्लोराईड का छिडकाव करवाया जा चुका है। प्रत्येक दो वार्डों में हाईपोक्लोराईड छिड़काव के लिए एक हैंड सेट मशीन व दवा पार्षदों को दी गई है।
इसी प्रकार नौतपा के चलते पड़ रही भीषण गर्मी के दौरान शहर में दमकल वाहनों से पानी का छिड़काव करवाकर आमजन को राहत देने का प्रयास किया जा रहा है। इस मौके पर सहायक अभियंता अच्युतधर द्विवेदी, पीआरओ किशन उपाध्याय के अलावा पार्षद गिरधारी लाल, शाहरूक खान व पूर्व पार्षद रमजान खान उपस्थित थे।