खेतड़ी कॉपर माइंस में 40वें खान सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ
निसं
खेतड़ी नगर (नवयत्न)। केसीसी प्रोजेक्ट के सर्विस शाफ्ट मैदान में मंगलवार को अजमेर क्षेत्र-1 एवं क्षेत्र-2, उत्तर-पश्चिम क्षेत्र, उदयपुर के तत्वावधान में 40वें खान सुरक्षा सप्ताह मनाया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य खदानों में कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों एवं संविदा श्रमिकों के बीच सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं श्रमिक कल्याण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा सुरक्षित खनन संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ करना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केसीसी कार्यपालक निदेशक एवं इकाई प्रमुख पुरषोत्तमदास बोहरा थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में डीजीएमएस निरीक्षण दल के टीम लीडर नरेंद्र कुमार, उपमहाप्रबंधक सिविल मनीष गवई, भुपेश बंबोरिया, निरीक्षण दल के सदस्य वैभव कामथ, वत्स वीएस, डॉ दीपिका खुराना मौजूद थी। पीडी बोहरा ने संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ खनिक, सुरक्षित खनन, राष्ट्र की उन्नति विषय पर खान सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है, उन्होंने कहा कि खनन कार्यों में सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उत्पादन लक्ष्यों की प्राप्ति महत्वपूर्ण है, लेकिन इसके लिए सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं संविदा श्रमिकों से सुरक्षा नियमों एवं निर्धारित कार्यप्रणालियों का पूरी गंभीरता से पालन करने तथा दुर्घटनामुक्त खनन के सामूहिक लक्ष्य के लिए प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया। खान प्रबंधक जगदीश सिंह सोढ़ा ने खदान की विभिन्न परिचालन गतिविधियों के दौरान सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन, कार्यस्थल पर सतर्कता एवं अधिकारियों तथा श्रमिकों के बीच बेहतर समन्वय बनएं रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सुरक्षित खनन केवल प्रबंधन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक कर्मचारी एवं श्रमिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। दैनिक कार्यों में सुरक्षा प्रक्रियाओं को अपनाकर ही दुर्घटनाओं की प्रभावी रोकथाम की जा सकती है। नरेंद्र कुमार ने खान सुरक्षा से संबंधित वैधानिक प्रावधानों, सुरक्षा मानकों एवं निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुपालन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने खदानों में संभावित जोखिमों की समय रहते पहचान, उनका प्रभावी निराकरण तथा सुरक्षा के प्रति निरंतर सजगता बनाए रखने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि सुरक्षा निरीक्षण का वास्तविक उद्देश्य केवल कमियों को चिह्नित करना नहीं, बल्कि सुरक्षित कार्य संस्कृति को निरंतर बेहतर बनाना है। सुरक्षा अधिकारी संजय कुमार ने आगंतुकों का आभार प्रकट करते हुए खान सुरक्षा सप्ताह के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सुरक्षा जागरूकता को केवल एक सप्ताह तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक कार्यप्रणाली एवं व्यवहार का अभिन्न हिस्सा बनाना आवश्यक है। श्रमिक निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह शेखावत ने अधिकारियों व कर्मचारियों को सुरक्षा शपथ दिलाई। समारोह के दौरान विभिन्न स्कूलों के बच्चों द्वारा सुरक्षा विषय पर नाट्य की प्रस्तुति दी। अतिथियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। संचालन गणेश पांडोले ने किया गया। इस अवसर पर खान अभियंता पंकज सिंह, बिनायक साहू, नागेश राजपुरोहित, जितेंद्र कात्याल, जगमोहन बानरा, मुख्य प्रबंधक संजीव साहू, भूषण रोजा, चेतन जैन, साई कौशिक, चंदन सिंह सहित विभिन्न विभागों के एजीएमए विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।