तीन दिवसीय गौ माता कथा का शुभारम्भ
निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। खेतड़ी के ढाणी बाढान गांव स्थित श्री जमवाय माता केशव गौशाला में तीन दिवसीय गौ माता कथा का शुभारंभ रविवार से हुआ। यह आयोजन श्री जमवाय माता केशव गौशाला समिति ढाणी बाढान के सौजन्य से आयोजित किया जा रहा है। समिति अध्यक्ष श्रीराम सिंह शेखावत ने जानकारी देते हुए बताया कि कथा का वाचन नर्मदा मैया की कृपापात्री साध्वी अखिलेश्वरी दीदी मां द्वारा प्रतिदिन दोपहर सवा 12 बजे से सायं चार बजे तक किया जाएगा।
कथा के प्रथम दिन कथा वाचक साध्वी अखिलेश्वरी दीदी मां ने गौ सेवा, संरक्षण एवं गौ माता के महत्व पर विशेष जोर देते हुए कहा कि गौ सेवा भारतीय संस्कृति की मूल पहचान है और प्रत्येक व्यक्ति को इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने गौ माता की सेवा को पुण्यदायी बताते हुए समाज को इसके लिए प्रेरित किया। कथा के दौरान गौ माता के महत्व, धर्म और संस्कृति से जुड़े प्रसंगों का विस्तार से वर्णन किया जा रहा है।
कथा से पूर्व श्रीठाकुर जी मंदिर में विधिवत कथा एवं कलश पूजन किया गया, जिसमें मुख्य यजमान समिति अध्यक्ष श्रीराम सिंह शेखावत रहे। इसके पश्चात मंदिर से कथा स्थल श्री जमवाय माता केशव गौशाला तक महिलाओं द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा पंचमुखी हनुमान मंदिर, दुर्गा माता मंदिर एवं सती मंदिर होते हुए कथा स्थल पहुंची, जिसमें महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर भजन-कीर्तन करते हुए शामिल हुई। कलश यात्रा के दौरान जगह-जगह पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया। आयोजन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं।
इस अवसर पर सचिव शिवराज सिंह, कोषाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह, गोविंद सिंह, सूबेदार शंकर सिंह, महीपत सिंह, संजय पंडित, सूबेदार रामपाल, सूबेदार महीपत सिंह, इंद्र सिंह, गजराज सिंह, राजेन्द्र सिंह, रामवतार सिंह, शीशराम सिंह, सीताराम, विशाल सिंह, रघुवीर सिंह, महेन्द्र सिंह, मान सिंह, सज्जन सिंह, दातार कंवर, मीना कंवर, रीना कंवर, शायर कंवर, अमरी देवी, प्रेम कंवर, विधा देवी, भतरी देवी, किरण देवी, संतरा देवी, राजकंवर, सुमन कंवर, कोशम कंवर, राधिका दरया कंवर सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।