पुलिस महानिरीक्षक ने किया रेडक्रॉस कार्यालय का निरीक्षण
महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न)। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अजयपाल लाम्बा, पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) विशेष योग्यता समूह (एसओजी) जयपुर ने अजीतगढ़ कस्बे में संचालित इंडियन रेडक्रॉस कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सोसायटी के द्वारा किये गये राजस्थान पुलिस से संबंधित नवाचारों की फाइल का गहनता से अवलोकन कर रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा किये कार्यो की सराहना की। लाम्बा ने सोसायटी व राजस्थान पुलिस के तत्वावधान में किये गये कार्य सड़क सुरक्षा सप्ताह, महिला सुरक्षा सखी, ऑपरेशन आवाज, सुरक्षा सखी पखवाड़ा, पुलिस अधिकारियों का सम्मान समारोह, महिला सुरक्षा एवं बाल अपराध रोकथाम, ऑपरेशन गरिमा अभियान के तहत स्कूल व कॉलेजों में लगाई गई शिकायत पेटीका कार्यो की सराहना की तथा टीम को ओर अधिक उत्साह से काम करने की प्रेरणा दी। लाम्बा ने कहा कि आपराधिक गतिविधियों व संदिग्ध लोगों पर नजर रखकर पुलिस को अविलंब सूचना देने की बात कही। उन्होंने कहा कि ऐसा होने पर अपराधी अपराध करने से पहले ही पुलिस की गिरफ्त में होगें। तहसील प्रभारी कपिल मीणा ने रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से किये गये कार्यो की जानकारी तथा उपलब्धियों और आगामी कार्यो की जानकारी दी। इस मौके पर पवन टांक, धर्मा सैन उपस्थित थे। गौरतलब है की 16 जून 2025 को जयपुर रैंज आईजी के पद पर रहते हुये लाम्बा ने रेडक्रॉस सोसायटी को अभिशंषा पत्र भी प्रदान किया है।