झुंझुनूं में कोरोना वायरस की जांच के लिए लैब शुरू
कांग्रेस जनप्रतिनिधियों की गैर मौजूदगी बनी चर्चा का विषय
झुंझुनूं,(जय जांगिड़)13 मई। जिला कलेक्टर उमरदीन खान ने कहा कि कोरोना की इस वैश्विक महामारी के दौरान इसके संक्रमण को रोकने के लिए जिला प्रशासन एवं चिकित्सा विभाग लगातार अलर्ट है। पहले जिले के चिकित्सकों की मेहनत से यहां पर जिला मुख्यालय के राजकीय भगवानदास खेतान अस्पताल में कोरोना मरीजों का उपचार शुरू किया वहीं अब कोरोना की जांच के लिए आरटी पीसीआर लैब भी जिले में शुरू हो चुकी है। सरकार की घोषणा के बाद झुंझुनूं जिले में भी बुधवार को जिला मुख्यालय के खेतान अस्पताल में कोरोना की जांच के लिए पीसीआर लैब का शुभारम्भ हुआ। अस्पताल परिसर में 2.75 करोड़ की लागत से बनी इस लैब का शुभारम्भ जिला कलक्टर उमरदीन खान एवं भाजपा सांसद नरेन्द्र कुमार ने फीता काटकर किया।
जिला कलेक्टर ने बताया कि इस लैब के यहां संचालित हो जाने से अब जिले के लोगों की कोरोना जांच के लिए सैम्पलिंग जयपुर नहीं भेजी जाएगी, यहीं पर जांच की जाएगी और उसी दिन उसकी जांच रिपोर्ट आ जाएगी। जिससे चिकित्सा विभाग की ओर से पॉजिटिव एवं नेगेटिव रिपोर्ट के संबंध में अधिक तेजी से गतिविधियां शुरू की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि जिले में अब अधिक से अधिक सैम्पलिंग करवाई जाएगी। जिला कलेक्टर खान ने बताया कि बाहर से आने वाले लोगों को जिले के बॉर्डर पर बनाई गई चैक पोस्टों पर ही क्वारेंटाईन सेंटर पर सैम्पलिंग ली जाएगी और उसे संबंधित उपखण्ड क्षेत्र के क्वारेंटाईन में शिफ्ट किया जाएगा।
सांसद नरेन्द्र कुमार ने कहा कि प्रदेश में मेडिकल कॉलेज के अलावा झुंझुनूं जिला पहला ऐसा जिला है जहां पर कोरोना के लिए पीसीआर लैब संचालित हुई है। सांसद ने प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को बधाई देते हुए कहा है कि इस संकट की घड़ी में प्रदेशवासियों के लिए सरकार सराहनीय कार्य कर रही है। पीएमओं डॉ शुभकरण कालेर का कहना है कि जिले के लिए यह कोरोना की संकट की घड़ी में सौगात है कि सरकार ने विश्वास जताया और इतनी बड़ी सुविधा दी। कालेर ने बताया कि यहां के कार्मिकों की ट्रेनिंग की जा चुकी है। अब जिले में कोरोना की जांच तेजी से हो सकेगी। लैब में प्रतिदिन 250 सैम्पलिंग की जांच हो सकेगी। इस अवसर पर भाजपा नेता इंजी. प्यारेलाल ढूकिया, डॉ कैलाश राहड़ आदि मौजुद थे।
कांग्रेस जनप्रतिनिधियों की गैरमौजूदगी रही चर्चा का विषय
झुंझुनूं जिले को मिली सौगात के अवसर पर नगरपरिषद् सभापति नगमा बानो, कांग्रेस जिला अध्यक्ष एवं खेतड़ी विधायक डॉ जितेंद्र सिंह, झुंझुनूं विधायक बृजेंद्र ओला, नवलगढ़ विधायक डॉ राजकुमार शर्मा, उदयपुरवाटी विधायक राजेंद्र सिंह गुढ़ा, पिलानी विधायक पूर्व आईएएस जेपी चंदेलिया, मंडावा विधायक रीटा चौधरी इस अवसर पर नदारद रहे। कांग्रेस जनप्रतिनिधियों की गैरमौजूदगी आमजन में चर्चा का विषय रही।