झुंझुनू में कोरोना से पहली मौत
झुंझुनू,(अश्वनी शर्मा)27 मई। जिले के लिए बुधवार को एक दुखद खबर आई, जिले में कोरोना से पहली मौत हुई है। उक्त व्यक्ति झुंझुनू शहर के वार्ड नंबर 29 निवासी 47 वर्षीय कोरोना पॉजिटिव था। जिसका बीडीके अस्पताल में उपचार चल रहा था। पीएमओ डॉ शुभकरण कालेर ने बताया कि यह व्यक्ति 24 मई को मुंबई से आया था। तथा 25 मई को इसका सैंपल लिया गया जिसकी पॉजिटिव रिपोर्ट मंगलवार सुबह आने के बाद इसका इलाज शुरू कर दिया गया था। डॉक्टर कालेर के अनुसार उक्त व्यक्ति को मिर्गी के दौरे आते थे तथा दवा भी ले रहा था। बुधवार सुबह भी इसको मिर्गी के दौरे आए तथा दोपहर में 12:00 बजे के लगभग फिर से मिर्गी के दौरे आए तथा इसके बाद अचानक से इसकी मौत हो गई। झुंझुनू में कोरोना पॉजिटिव मौत का यह पहला मामला है, इसकी मौत की सूचना परिजनों को दे दी गई है तथा अंतिम संस्कार में परिवार के दो लोगों को ही आने की इजाजत मिली है। झुंझुनू जिले में अब तक 98 कोरोनावायरस के केस मिले हैं जिनमें से 62 पॉजिटिव से नेगेटिव भी हो गए हैं। शेष 36 में से यह एक शामिल था जिसकी बुधवार दोपहर में मौत हो गई। ऐसे में अब आमजन को भी कोरोनावायरस से बचाव को लेकर सावधानियां बरतनी की जरूरत है।