पेयजल आपूर्ति को सुचारू रूप से करने को लेकर सौंपा ज्ञापन

झुंझुनूं नागरिक मंच की ओर से जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

झुंझुनूं,(चन्द्रकान्त बंका)15 मई। झुंझुनूं नागरिक मंच की ओर से शुक्रवार को जिला कलक्टर यू डी खान को ज्ञापन शहर की जल आपूर्ति सुचारू रूप से करने के बाबत दिया गया। मंच के संयोजक उमाशंकर महमिया ने बताया कि वर्तमान गर्मी के मौसम में शहर में पेयजल का संकट बना हुआ है। शहर के कुछ वार्डो में जल सप्लाई सही नहीं हो रही है, तो कही कम हो रही है तो कुछ वार्डो के घरों में पानी एक दिन छोड़कर एक दिन सप्लाई हो रही है। शहर के वार्ड नं. 48, 49 में एक दिन छोड़कर एक दिन सप्लाई की जा रही है। यह सप्लाई भी कुछ समय के लिए ही खोली जा रही है। शहर के अन्य वार्ड नं. 39, 47, 46, 45, 52 आदि वार्डो में पेयजल का काफी संकट बना हुआ है। झुंझुनूं नागरिक मंच ने कलक्टर को एक सुझाव भी दिया जिसमें नगरपरिषद्, जलदाय विभाग एवं शहर के गणमान्यों को साथ लेकर इस समस्या के समाधान के लिए कहा।

जिला कलक्टर ने तुरन्त एक्शन लेते हुए जलदाय विभाग के अधिशासी अभियन्ता से दूरभाष पर बात की। अधिशासी अभियन्ता ने भी 48 घण्टे में एक बार सप्लाई देने की बात स्वीकार की। कलक्टर ने इस समस्या पर तुरन्त रिपोर्ट करने को कहा।

झुंझुनूं नागरिक मंच की ओर से ज्ञापन देने वालों में कोषाध्यक्ष रामगोपाल महमिया, उपाध्यक्ष कमलकान्त शर्मा, पार्षद संजय पारीक, विपुल छक्कड़ आदि थे।

You might also like