बिजली, पानी बिल माफी हेतू कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
झुंझुनूं,(जय जांगिड़)26 मई। सामाजिक एवं मानवाधिकार कार्यकत्र्ता विजयहिंद जालिमपुरा ने वर्तमान समय की भयावह कोरोना महामारी को देखते हुए किसान, मजदूर और आमजन की आवाज उठाते हुए गत दो माह मार्च और अप्रैल के बिजली और पानी के बिल को माफ करवाने बाबत झुंझुनूं जिला कलेक्टर यूडी खान को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
जालिमपुरा ने बताया कि गत तीन माह से सभी प्रकार के उद्योग और मजदूर व मध्यम वर्ग के आजीविका के सभी प्रकार के साधन ठप्प पड़े है। दूसरी ओर किसान वर्ग द्वारा सरकार को बेची गयी फसलों का भुगतान भी उन्हें अभी तक नहीं किया गया। अत: ऐसी परिस्थिति में आम जनता द्वारा बिजली और पानी के दो माह का बिल लिया जाना न्यायसंगत नहीं है।
एक तरफ जहां आम जनता सरकार से ऐसे विकट काल में मदद की उम्मीद लगाये बैठी है दूसरी तरफ उससे ही मूलभूत आवश्यकताओं का भुगतान करने को विवश किया जाना अनुचित है। इसलिए वर्तमान समय में प्रजातांत्रिक सरकार का यह प्राथमिक कर्तव्य है की वह इस घड़ी में जनता के साथ उचित एवं न्याय पूर्ण व्यवहार करें।
विजय हिन्द ने बताया की एक तरफ जहां केंद्र सरकार और राज्य सरकार आम जनता हेतु विशेष राहत पैकेज देने का वादा कर रही हैं वहीं दूसरी तरफ बिजली और पानी जैसी मूलभूत आवश्यकताओं का बिल लेना जनमत की भावनाओं को ठेस पहुंचाना है। अत: इस विषय पर राज्य सरकार को अविलम्ब उचित कदम उठाकर गत दो माह का बिल माफ करना चाहिए। जिससे जनता में आक्रोश की भावना न फैले और किसी अनावश्यक आंदोलन की आवश्यकता ना पड़े।