जेजेटी यूनिवर्सिटी के एनएसएस स्वयंसेवकों ने दिया स्वच्छता और सेवा का संदेश

सुरेंद्र शर्मा
झुंझुनूं (नवयत्न)। श्री जेजेटी यूनिवर्सिटी में गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को एनएसएस इकाई की ओर से ‘विकसित भारत जन सेवा अभियानÓ के तहत ‘सेवा मेरा योगदानÓ कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्वयंसेवकों ने स्वच्छता, श्रमदान, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा के जरिए गांधीजी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के तहत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, चुड़ैला में स्वयंसेवकों ने सफाई अभियान चलाकर श्रमदान किया। विद्यालय परिसर की साफ-सफाई के साथ पौधों में पानी दिया गया। स्वयंसेवकों ने कहा कि स्वच्छता किसी एक अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक व्यक्ति की दैनिक जिम्मेदारी बनाना चाहिए। स्वयंसेवकों ने विद्यालय और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने के साथ आमजन को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने लोगों से घर, कार्यस्थल और सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई रखने तथा पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी निभाने की अपील की। इसके बाद स्वयंसेवकों ने आंगनबाड़ी केंद्र का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं और गतिविधियों का अवलोकन किया। इस दौरान स्वच्छता, सामुदायिक सहभागिता और जनसेवा के महत्व को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया। एनएसएस इकाई प्रभारी डॉ. धनेश कुमार मीणा के मार्गदर्शन में हुए कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य गांधीजी के स्वच्छता, श्रमदान, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व के विचारों को व्यवहार में उतारने के लिए युवाओं को प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर डॉ. अनंता, डॉ. धर्मेंद्र, डॉ. नाजिया हुसैन, डॉ. रामप्रताप सैनी, डॉ. पिंकी, डॉ. सलमान, डॉ. अंशु शर्मा, इंद्राज एवं अजय कुमार सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।

You might also like