गलता तीर्थ से घाटगेट तक निकली कावड़ व कलश यात्रा
निसं
जयपुर (नवयत्न)। श्री गणेश मित्र मंडल संस्थान, श्री वैष्णो देवी नवयुवक मंडल एवं शिव हनुमान नवयुग मंडल कोली समाज के संयुक्त तत्वावधान में गलता पावन तीर्थ से घाटगेट तक कावड़ एवं कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। श्री गणेश मित्र मंडल संस्थान परिवार के अध्यक्ष राजकुमार पलडिया ने बताया कि यात्रा में महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर भजन गाती और नृत्य करती हुई चल रही थी। वहीं कांवड़िए डीजे की धुन पर भजनों के साथ नाचते हुए हर-हर महादेव के जयकारे लगा रहे थे। यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण बना रहा। कावड़ एवं कलश यात्रा का विभिन्न स्थानों पर धार्मिक संगठनों, श्याम सेवी संस्थाओं एवं व्यापार मंडलों की ओर से पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने कांवड़ियों का अभिनंदन कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। यात्रा के घाटगेट पहुंचने पर कांवड़ियों ने आसपास स्थित सात मंदिरों में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की और कांवड़ के पवित्र जल से जलाभिषेक किया। इसके बाद घाटगेट स्थित मनोकामेश्वर शिव मंदिर में भोलेनाथ की भव्य श्रृंगार झांकी सजाई गई। मंदिर में महाआरती का आयोजन हुआ और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।