क्वारेंटाइन के पीरियड का पालन करें-चिकित्सा मंत्री
जयपुर,13 मई । देशभर में लॉकडाउन 3.0 के दौरान प्रवासियों का एक राज्य से दूसरे राज्यों में आने-जाने का दौर चल रहा है। राज्यों की सरकार भी इस मुहिम में जुटी हुई है। इस बीच प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने बताया कि 19 लाख प्रवासी राजस्थानी, प्रवासी श्रमिक और अन्य लोग राज्य से जाएंगे और आएंगे। इनमें से लगभग 6.50 लाख लोगों ने राज्य से बाहर जाने के लिए और बाकी ने राज्य में आने के लिए पंजीकरण करवाया है। ऐसे में चिकित्सा मंत्री शर्मा का कहना है कि आने वाला समय प्रदेश के लिए काफी अहम है, इसलिए उन्होंने राजस्थान में बाहर से आने वाले व्यक्तियों से अपील की है कि वे क्वारेंटाइन के पीरियड का पालन करें। ताकि प्रदेश और यहां रह रहे लोग सुरक्षित रह सकें। चिकित्सा मंत्री ने कहा कि सरकार और चिकित्सा विभाग जिला स्तर पर क्वारेंटाइन फैसेलिटी को विकसित और मजबूत करने को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहे हैं।