लालगढ़ में फायरिंग करने वाले दो मुख्य आरोपी आए पुलिस की गिरफ्त में
खेतड़ी,(जयंत खाँखरा)30 मई। लालगढ़ में तरबूज खराब निकलने की बात को लेकर फायरिंग के मामले में खेतड़ी पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
थाना अधिकारी शीशराम मीणा ने बताया कि 18 मई को उपखंड के लालगढ़ में एक सब्जी विक्रेता की दुकान पर तरबूज लेने आए कई युवकों ने फायरिंग कर दी जिसमें एक युवक घायल हो गया था। उसके दाहिने हाथ और जांग पर छर्रे लगे थे जिस पर घायल शीशराम सैनी के पर्चा बयान के आधार पर कई नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश दिन-प्रतिदिन पुलिस कप्तान जगदीश चंद्र शर्मा के दिशा निर्देशानुसार की जा रही थी। जिसमें एडिशनल एसपी विरेंद्र कुमार मीणा के नेतृत्व में कई टीमें गठित की गई थी।
आरोपियों की तलाश लगातार जारी थी जिसमें शनिवार को पुलिस उप अधीक्षक विजय कुमार के नेतृत्व में थाना अधिकारी शीशराम मीणा, एसआई विद्याधर सैनी, पंकज कुमार, रणधीर, राकेश कुमार, राजवीर की टीम ने हरियाणा सीमा, सीकर, रामकुमारपुरा, पाटन सहित अन्य स्थानों पर दबिश दी जिसमें मेहाडा रोड रामकुमारपुरा से विजेंद्र सिंह निवासी काली पहाड़ी तन रामकुमारपुरा, प्रवीण सिंह निवासी जय पहाड़ी को गिरफ्तार किया। दोनों अपराधी हरियाणा भागने की फिराक में थे। दोनों आरोपियों से पुलिस गहनता से पूछताछ कर रही है वारदात में काम लिया गया देसी कट्टे की भी पुलिस तलाश कर रही है।