विवाहिता ने जेठ के खिलाफ लज्जा भंग करने के आरोप लगाते हुए पुलिस में करवाया मामला दर्ज
राजलदेसर, (कुंदन दाधीच )5 मई । गांव लाछड़सर की एक विवाहिता ने दो अपने जेठों के खिलाफ लज्जा भंग करने व मारपीट करने के आरोप लगाते हुए पुलिस में मामला दर्ज करवाया है। एसएचओ सुरेन्द्र राणा ने बताया कि गांव लाछड़सर निवासी मंजूदेवी ने थाना हाजिर होकर लिखित रिपोर्ट दी कि सोमवार को वह गांव की उत्तरादी रोही स्थित पड़ौसी के खेत में काम कर रही थी । शाम करीब पांच बजे उसके जेठ भींवाराम व इन्द्र हाथ में कुल्हाड़ी लेकर पहुंचे तथा काम करने की बात को लेकर गालियां देते हुए उसके पहना हुआ ब्लाउज फाडक़र लज्जा भंग कर उसके साथ मारपीट करने लगे । शोर मचाने पर पति व देवर मौके पर आकर बीच-बचाव किया तो उक्त दोनों ने कुल्हाड़ी व थाप-मुक्कों से उनके साथ भी मारपीट की । मारपीट के बाद भींवाराम व इन्द्र उसके गले में पहना हुआ सोने का मंगलसूत्र छींन कर मौके से भाग गए । पुलिस ने विवाहिता मंजूदेवी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी ।