लॉक डाऊन ने बदला विवाह समारोह का स्वरूप

रतनगढ़,(नवरतन वर्मा)24 मई। लॉक डाऊन के बाद बदली परिस्थितियों में बिना बैंड-बाजे और नाच-गान के सादगीपूर्ण विवाह कर नगर के व्यास परिवार ने जो नयी शुरूआत की है वह नगरवासियों में चर्चा का विषय बनी हुई है।

प्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत संदीप व्यास के पुत्र नवीन की शादी जोधपुर निवासी दीक्षा के साथ दोनों पक्षों के चुनिन्दा लोगों की उपस्थिति में सम्पन्न हुई। प्रशासन द्वारा मिली स्वीकृति की पालना करते हुये फेरों में बैठे दूल्हे नवीन और दुल्हन दीक्षा सहित दुल्हन के माता-पिता व पण्डित ने भी पूरे समय मास्क लगाये रखे।

कोरोना महामारी से उपजी स्थितियों ने जन जीवन को इतना प्रभावित कर दिया है कि विवाह समारोह जैसी खुशी भी कुछ परिवारजनों में सिमट कर रह गयी है। वहीं दूल्हे के बड़े ताऊजी भी बाराती के रूप में जोधपुर नहीं गये, क्योंकि दोनों पक्षों के मात्र पन्द्रह व्यक्तियों की उपस्थिति में ही विवाह सम्पन्न करने की अनुमति मिली थी।

You might also like