लॉक डाउन की पालना अन्तर्गत अभियान शुरू
सादुलपुर,(राजेश राजपूत)18 मई। पुलिस ने कोरोना महामारी के चलते लॉक डाउन की पालना अन्तर्गत अभियान शुरू किया है तथा मास्क नहीं लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। थानाधिकारी विष्णुदत्त बिश्नोई ने बताया कि राजस्थान महामारी अध्यादेश 2020 की धारा 4 के अन्तर्गत सार्वजनिक कार्यस्थल पर मास्क नहीं लगाने पर दो सौ रूपए तथा दुकानदार की ओर से बिना मास्क पहने व्यक्ति को वस्तु का विक्रय करने पर पांच सौ रूपए, सार्वजनिक स्थानों पर थूकने पर दो सौ रूपए तथा सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने पर पांच सौ रूपए एवं पान, गुटखा, तंबाकू बेचने पर एक हजार रूपए एवं सार्वजनिक स्थान पर सामाजिक दूरी न्यूनतम छह फीट बनाकर नहीं रखने पर सौ रूपए जुर्माना राशि लगाने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कोरोना वॉरियर्स एवं सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं से कोरोना महामारी से निपटने के लिए पुलिस को सूचना देने एवं सहयोग देने की भी आवश्यकता जताई है। इसके अलावा बिश्नोई ने बताया कि सोशल मीडिया पर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाडऩे वाले एवं एक-दूसरे की भावना को ठेस पहुंचाने वाली या धर्म के प्रति पोस्ट करने वालों के खिलाफ भी पुलिस कड़ी नजर रख रही है तथा कठोर कार्रवाई करेगी।