शराब पार्टी के बहाने घर से बुलाया, पांच दिन बाद अस्पताल में युवक की मौत
निसं
जयपुर (नवयत्न)। किशनपोल बाजार में शराब पार्टी के बहाने घर से बुलाकर एक व्यक्ति की हत्या करने का आरोप सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि दो पड़ोसियों ने साजिश के तहत उसे नशीला पदार्थ देकर बेहोश किया और अजमेरी गेट स्थित अंडा मार्केट में सड़क किनारे कीचड़ में छोड़ दिया। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पांच दिन बाद उसकी मौत हो गई। घटना के करीब आठ महीने बाद मृतक के बेटे ने कोतवाली थाने में दोनों पड़ोसियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस के अनुसार किशनपोल बाजार निवासी तोसिन कुरैशी ने अपने पिता मोहम्मद वकील उर्फ बल्लू की हत्या का आरोप पड़ोसी आरिफ और सोहिल पर लगाया है। शिकायत में बताया कि 16 फरवरी को दोनों पड़ोसी उनके घर आए और शराब पार्टी करने के बहाने मोहम्मद वकील को अपने साथ सीकर हाउस स्थित बीयर बार क्लब ले गए। रात करीब 12 बजे सोहिल घर पहुंचा और परिजनों को बताया कि मोहम्मद वकील अजमेरी गेट स्थित अंडा मार्केट में पड़े हैं। परिजन मौके पर पहुंचे तो वह सड़क किनारे कीचड़ में बेहोशी की हालत में मिले। पास में उनकी बाइक खड़ी थी और शर्ट की जेब में बाइक की चाबी रखी हुई थी। घटनास्थल पर आमलेट लगी प्लेट और शराब की बोतलें भी मिली थी। मृतक के बेटे ने आरोप लगाया कि दोनों पड़ोसियों ने पहले से ही पिता की हत्या की साजिश रच रखी थी। परिजनों को संदेह है कि आरोपियों ने खाने-पीने की चीजों में कोई नशीला पदार्थ मिलाया था, जिससे वह बेहोश हो गए। परिजन मोहम्मद वकील को बेहोशी की हालत में घर लेकर आए, लेकिन अगले दिन तक उन्हें होश नहीं आया। इसके बाद उन्हें एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान 21 फरवरी को उनकी मौत हो गई। अब घटना के करीब आठ महीने बाद बेटे की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने आरिफ और सोहिल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है।