माधोगढ़ में मिला कोरोना पॉजिटिव
अपने दो साथियों के साथ टैक्सी से आया था गांव
खेतड़ी,(जयंत खाँखरा)20 मई। माधोगढ़ में कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति के पाए जाने के बाद चिकित्सा विभाग ने पूरे गांव का सर्वे शुरू करवा दिया है। पॉजिटिव व्यक्ति की ट्रैवल हिस्ट्री खंगालने पर कई बातें सामने आई है। खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ हरीश यादव ने बताया कि माधोगढ़ में पॉजिटिव पाया गया व्यक्ति मुंबई में कंट्रक्शन हेल्पर का काम करता था जो 13 मई को ट्रक के जरिए वहां से चला था तथा 15 मई रात को जयपुर से टैक्सी में अपने गांव आया था। घर आने पर परिवार वालों ने घर के बाहर ही पेड़ के नीचे ठहराया, इसके बाद 16 मई को पचेरी में क्वारेंटाइन सेंटर में भेज दिया जहां सैंपल लिया गया।
चिकित्सा विभाग द्वारा पॉजिटिव व्यक्ति की ट्रेवल हिस्ट्री खंगालने पर सामने आया कि माधोगढ़ के व्यक्ति के साथ दो अन्य व्यक्ति भी टैक्सी गाड़ी में आए थे इसके अलावा एक गाड़ी का चालक भी था चिकित्सा विभाग द्वारा उसके साथ आए व्यक्तियों की पता लगाने की कोशिश की जा रही है। चिकित्सा विभाग ने गांव में सर्वे करवाने के लिए चार टीमें लगाई है जो घर-घर जाकर खांसी-जुखाम व अन्य बीमारियों से पीडि़त पाए जाने वाले व्यक्तियों को चिह्नित कर चिकित्सीय परामर्श उपलब्ध करवाया जाएगा। इस दौरान टीम में आरआरटी प्रभारी डॉ महेंद्र सैनी, सुनील सैनी, डॉ सुनील जाखड़, भंडार पाल अनिल कुमार आदि शामिल थे।