बाबा साहेब की प्रतिमा खंडित करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार
सुमेर मीणा
उदयपुरवाटी (नवयत्न)। खोह गांव में बाबा साहेब डॉ भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा को खंडित करने के सनसनीखेज मामले में उदयपुरवाटी पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने इस प्रकरण के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित हुई विशेष टीम
पुलिस अधीक्षक जिला झुंझुनू कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलगढ़ देवेन्द्र सिंह रावत के निकट सुपरविजन में विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम का नेतृत्व थानाधिकारी उदयपुरवाटी रामपाल मीणा पुलिस निरीक्षक द्वारा किया गया।
17 अक्टूबर को हुई थी घटना
घटना विवरण के अनुसार 17 अक्टूबर को ग्राम खोह में स्थित बाबा साहेब डॉ भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा को असामाजिक तत्वों द्वारा खंडित कर दिया गया था। इस घटना से क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया था और ग्रामीणों ने 6 दिन तक धरना-प्रदर्शन किया था। इस संबंध में थाना सदर पर प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
ऐसे आया पकड़ में आरोपी
पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता, सीसीटीवी फुटेज व मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सचिन कुमार उर्फ लकी पुत्र बनवारी लाल, निवासी झाकड़ा की ढाणी, गुहाला, जिला नीमकाथाना को दस्तयाब कर गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे मास्टरमाइंड की भूमिका की भी जांच की जा रही है, जिसे जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
गिरफ्तारी टीम में ये रहे शामिल
इस कार्रवाई में थानाधिकारी रामपाल मीणा, एएसआई अमित सिंह, कांस्टेबल धर्मवीर, हेड कांस्टेबल जितेंद्र ढाका, साइबर सेल प्रभारी अमित यादव की विशेष भूमिका रही।