कोरोना योद्धा: जरूरतमंदों को दवा पहुंचा पीड़ित मानवता की सेवा में जुटा आसिफ

चूरू,(पीयूष शर्मा)13 मई। वैश्विक महामारी कोरोना की रोकथाम को लेकर चल रहे लोकडाउन के बीच हर वर्ग पीड़ित मानवता की सेवा के लिए यथासंभव प्रयास करने में जुटा है।

ऐसी ही एक युवा शख्सियत है पूर्व भाजपा पार्षद व समाजसेवी आसिफ टीपू। जो महामारी के इस दौर में गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को दवा मुहैया करवा उनका मददगार बना हुआ है। लोकडाउन के शुरुआती दिनों में अपने किसी परिचित को दवा के लिए इधर-उधर भटकते देखकर आसिफ का दिल पसीज गया। उसके लिए कुछ करने की बेचैनी दिल में लिए आसिफ ने कुछ करने की ठानी। तुरंत खुद के खर्चे से जयपुर जाकर वो दवा लाकर मरीज को दी। उस समय मरीज के दिल से निकली दुआ सुनकर आसिफ ने ये काम लोकडाउन के दौरान जारी रखने की ठान ली। ताकि दवा के अभाव में किसी को परेशान ना होना पड़े।

आसिफ ने यूं फेसबुक को बनाया सेवा का जरिया

आसिफ ने अपने इस नेक काम से अधिकाधिक पीड़ित मरीजों को लाभान्वित कर सेवा करने के लिए फेसबुक को जरिया बनाया। इसके लिए हर बार जयपुर, सीकर, बीकानेर के लिए रवाना होने से पहले आसिफ अपनी फेसबुक वाल पर इसकी सूचना व अपने मोबाइन नंबर दे रहा है। फेसबुक वाल से मोबाइल नंबर लेकर लोग उससे संपर्क कर अपने परिजनों की दवा मंगवा रहे हैं।

अब तक इतनों को लाकर दे चुके दवा

समाजसेवी आसिफ अब तक 109 लोगों को जयपुर से, 29 को बीकानेर, सीकर से 23 तथा झुंझुनू से सात लोगों को दवा लाकर दे चुके हैं।

You might also like