इस माह बनेंगे कई राजयोग: कई राशियों की होगी पौ बारह पच्चीस
डी के सैनी
जयपुर (नवयत्न ) । वैशाख माह शुरुआत में मंगल ग्रह का उदय हुआ, और शनि, मंगल तथा सूर्य ने मिलकर मीन राशि में त्रिग्रही योग बनाया है। आने वाले दिनों में, सूर्य, बुध और शुक्र का महत्वपूर्ण उदय होगा और शनि भी उदित होंगे। 11 अप्रैल को बुध मीन राशि में प्रवेश करेंगे, जिससे चार ग्रहों के मिलन के कारण चतुग्र्रही योग का निर्माण होगा। इसी समय सूर्य और बुध का मिलन बुधादित्य राजयोग प्रदान करेगा और सूर्य तथा मंगल का मिलन मंगल आदित्य योग भी बनाएगा। फिर 14 अप्रैल को सूर्य मेष राशि में प्रवेश करेंगे। 19 अप्रैल को शुक्र अपनी स्वराशि वृषभ में प्रवेश करेंगे जिसके परिणामस्वरूप मालव्य राजयोग बनेगा। इसे एक बहुत ही शुभ और धन-दायक योग माना जाता है। इसके बाद 30 अप्रैल को बुध मेष राशि में दिखाई देंगे।
चार राशियों के जातकों को होगा लाभ
ज्योतिषाचार्य डॉ. महेन्द्र मिश्रा ने बताया कि इन सभी ग्रहों की चाल और इनसे बनने वाले राजयोग का प्रभाव विशेष रूप से चार राशियों के जातकों के लिए अत्यंत लाभकारी रहने की संभावना है।
मेष राशि:वैशाख महीने का दूसरा आधा हिस्सा मेष राशि वालों के लिए विशेष रूप से शुभ रहेगा। करियर में अधिकारियों के साथ तालमेल अच्छा रहेगा। काम में सहयोग बढ़ेगा और तरक्की के अवसर मिलेंगे। सरकारी विभागों से जुड़े काम पूरे होने की अधिक संभावना है। स्वास्थ्य में भी सुधार होगा। इस दौरान मन की शांति और निजी जीवन में सुकून भी संभव है।
वृषभ राशि: इस महीने वृषभ राशि वालों को धन-समृद्धि और मान-सम्मान में वृद्धि का आशीर्वाद मिलेगा। चूंकि उनके स्वामी शुक्र अपनी ही राशि वृषभ में प्रवेश कर रहे हैं। जीवन में धन-संपत्ति बढ़ेगी। विलासिता की वस्तुओं को खरीदने का अवसर मिलेगा। आपको नौकरी के क्षेत्र में कोई उच्च पद या बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। आर्थिक स्थिति अच्छी रहेगी और निजी जीवन में खुशियां बनी रहेंगी।
मिथुन राशि:वैशाख का महीना मिथुन राशि वालों के लिए करियर में तरक्की के अच्छे अवसर लेकर आएगा। शुरुआत में कुछ बदलाव असामान्य लग सकते हैं, लेकिन भविष्य में वे फायदेमंद साबित होंगे। आर्थिक स्थिति समृद्ध रहेगी। घर में सुखद माहौल रहेगा और पारिवारिक एकता की संभावना बढ़ेगी। नए प्रोजेक्ट्स में सफलता मिलने के अवसर प्राप्त हो सकते हैं।
कुंभ राशि:यह समय कुंभ राशि वालों के लिए व्यापार और करियर के लिहाज से अच्छा है। व्यापार में तेजी आएगी। बड़ी डील और नए अवसर मिलेंगे। यदि आप अपने गुस्से पर काबू रखते हुए धैर्य से काम लेंगे तो यह महीना कई क्षेत्रों में लाभ लेकर आएगा। नए प्रोजेक्ट्स में सफलता मिलने के योग प्रबल हैं।