जनहित में प्रशासन को मास्क सौंप मनाया पोते का जन्मदिन
चूरू,(पीयूष शर्मा)19 मई। जिले में कलक्टर संदेश नायक के नेतृत्व में चल रहे कोविड 19 प्रबंधन में हर व्यक्ति स्वयं को कोरोना योद्धा मानकर जनसेवा में जुटा है।
कोरोना काल में कलक्टर की ओर से शुरू किए गए ‘गिव अप समथिंग’ व ‘एवरीवन इज वॉरियर’ अभियान के बाद न केवल अधिकारी-कर्मचारी, भामाशाह, सामाजिक संगठन, पुलिसकर्मी बेहतर काम कर रहे हैं। बल्कि शहर का हर व्यक्ति किसी भी खुशी के पल या खास अवसरों को कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में सहयोग का बहाना मानकर काम कर रहे हैं। इसी सिलसिले में जलदाय विभाग के कार्यरत पंप चालक प्रहलाद राय जांगिड़ ने मंगलवार को अपने पोते कनिष्ठ जांगिड़ के जन्मदिन पर प्रशासन को 200 मास्क भेंट किए। एडीएम रामरतन सौंकरिया को मास्क सौंपते हुए जांगिड़ ने बताया कि वे गढ़ स्थित मातृ एवं शिशु अस्पताल में पिछले 20 वर्ष से बिजली फिटिंग व मरम्मत संबंधी काम निशुल्क करते आ रहे हैं। एडीएम सौंकरिया ने उनकी इस पहल की सराहना कर कहा कि इस तरह हर व्यक्ति के जागरुक होने से ही हम कोरोना को हरा पाएंगे।