चिकित्सा विभाग की मोबाइल ओपीडी यूनिट सेवा से लाभान्वित हो रहे है रोगी
गुरूवार को जिले के 14 गांवों में लगे शिविर
सीकर, (जी एल सैनी)7 मई। आमजन के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल ओपीडी यूनिट सेवा जीवनदायनी साबित हो रही है। इसके तहत गुरूवार को जिले के 14 गांवों में शिविर लगाए और रोगियों का चिकित्सकों ने उपचार कर निशुल्क दवाइयां दी। मोबाइल ओपीडी यूनिट के माध्यम से लोगों को अपने गांव, ढाणी में ही चिकित्सकीय परामर्श, उपचार व निशुल्क दवा की सेवाएं उपलब्ध हो रही है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अजय चौधरी ने बताया कि गुरूवार को जिले के 14 गांवों में लगाए शिविरों में 123 पुरूष, 169 महिलाएं और 46 बच्चों का मोबाइल ओपीडी यूनिट सेवा के तहत उपचार किया गया। इस दौरान 18 गर्भवती महिलाओं के भी स्वास्थ्य की जांच की गई। गांवों में लगे शिविर में 87 लोग खांसी से पीडि़त पाए गए। वहीं 20 बुखार, 12 मधूमेह और 22 हाइपर टेंशन की बीमारी से ग्रसित पाए गए। इन सभी रोगियों का उपचार कर निशुल्क दवा उपलब्ध करवाई गई है। सीएमएचओं डॉ चौधरी ने बताया कि कोविड-19 संक्रमण और लॉक डाउन को देखते हुए जिन गांवो में चिकित्सा सेवाओं की पहुंच कम है। वहीं लॉकडाउन के कारण आमजन अस्पताल नहीं पहुंच सकते हैं, उन गांवो में लोगों को प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार की ओर से मोबाइल ओपीडी यूनिट वाहन सेवा शुरू की है। इसके तहत विभाग की एमएमवी व एमएमयू द्वारा आमजन को प्राथमिक चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराई गई।