मुक्तिधाम में बना आधुनिक विश्राम गृह, किशनलाल सोनी ने कराया निर्माण

निसं
बुगाला (नवयत्न) । गांव के मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए एक विश्राम गृह का निर्माण कराया गया है।सोनी समाज के किशनलाल सोनी ने अपने माता-पिता गीता देवी एवं प्रहलाद राय सोनी तथा पुत्र संदीप सोनी की पुण्य स्मृति में इस विश्राम गृह का निर्माण करवाकर समाज सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।विश्राम गृह के निर्माण से अब मुक्तिधाम में आने वाले ग्रामीणों को धूप, बारिश और अन्य मौसम की परिस्थितियों से राहत मिलेगी। अंतिम संस्कार के दौरान परिजनों एवं उपस्थित लोगों के बैठने और विश्राम की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध होगी। ग्रामीणों ने इस जनहितकारी कार्य की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के निर्माण कार्य सामाजिक सरोकार और सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण हैं।
परिजनों ने बताया कि अपने स्वजनों की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से यह विश्राम गृह बनवाया गया है, ताकि इसका लाभ वर्षों तक पूरे गांव के लोगों को मिलता रहे। ग्रामीणों ने इस पुनीत कार्य के लिए आभार व्यक्त किया।

You might also like