पालिकाध्यक्ष गीता सैनी ने संभाली कमान, सफाई और अधूरे विकास कार्यों का लिया जायजा

निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। नगरपालिका की नवनिर्वाचित पालिकाध्यक्ष गीता सैनी ने बुधवार को नगरपालिका क्षेत्र का निरीक्षण कर सफाई और विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न वार्डों में पहुंचकर गलियों और नालियों की सफाई व्यवस्था देखी तथा कर्मचारियों को नियमित सफाई के निर्देश दिए। गीता सैनी ने कहा कि कस्बे को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए नगरपालिका के साथ आमजन का सहयोग भी जरूरी है। उन्होंने लोगों से कचरा निर्धारित स्थान पर डालने और नालियों में कचरा नहीं डालने की अपील की। उन्होंने सफाई व्यवस्था में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान पालिकाध्यक्ष ने पिछले कार्यकाल में अधूरे रह गए विकास कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने सड़क, नाली सहित अन्य कार्यों का मौके पर निरीक्षण किया और संबंधित कर्मचारियों को अधूरे कार्य प्राथमिकता से जल्द पूरा करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगरपालिका क्षेत्र के विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाएगा। आमजन की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना नगरपालिका की प्राथमिकता रहेगी। गौरतलब है कि हाल ही में हुए नगरपालिका चुनाव में गीता सैनी दोबारा पालिकाध्यक्ष निर्वाचित हुई हैं। इस मौके पर पार्षद राहुल सैनी, पूर्व पार्षद लीलाधर सैनी, एसआई सुनील कुमार सैनी, संदीप शर्मा, सुखराम गुर्जर, संतोष कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

You might also like