नगर परिषद की लापरवाही: गर्ल्स कॉलेज के बाहर सड़क पर बह रहा पेशाब छात्राएं और राहगीर परेशान

बाबूलाल वर्मा 

झुंझुनू (नवयत्न)। शहर के मंडावा मोड़ स्थित महर्षि दयानंद गर्ल्स कॉलेज के बाहर नगर परिषद की एक गंभीर लापरवाही सामने आई है। कॉलेज के मुख्य रास्ते पर बने सार्वजनिक शौचालय के नाले को सीवरेज लाइन से जोड़ने के बजाय खुले रास्ते पर ही छोड़ दिया गया है। इसके चलते शौचालय का दूषित पानी और पेशाब सीधे मुख्य सड़क पर बह रहा है, जिससे पूरे इलाके में असहनीय बदबू फैल गई है।

सड़क पर लगातार बह रही इस गंदगी के कारण कॉलेज आने-जाने वाली छात्राओं, आम राहगीरों और आसपास के दुकानदारों का जीना मुश्किल हो गया है। भीषण दुर्गंध के कारण राहगीरों को मुंह ढककर गुजरना पड़ रहा है, वहीं पास के दुकानदारों का दुकान पर बैठना भी दूभर हो चुका है। दुकानदारों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि कॉलेज के ठीक बाहर इस तरह का माहौल न केवल शर्मनाक है, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी बड़ा खतरा है।

स्थानीय दुकानदार विकास भांबू का कहना है कि यदि नगर परिषद निर्माण के समय थोड़ी सी गंभीरता दिखाते हुए इस नाले को मुख्य सीवरेज नेटवर्क से जोड़ देती, तो यह स्थिति पैदा ही नहीं होती। नगर परिषद की इस अनदेखी के कारण क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है।

दुकानदारों व छात्राओं ने नगर परिषद प्रशासन से मांग की है कि इस खुले नाले को तुरंत सीवरेज लाइन से जोड़ा जाए और सड़क पर फैली गंदगी की तत्काल सफाई कराई जाए, ताकि आम जनता को इस नारकीय स्थिति से राहत मिल सके।

You might also like