नगर परिषद बेखबर,रहवासी अपने खर्चे से सुधार रहे सड़क
संजय सोनी
झुंझुनू। (नवयत्न) । शहर के पॉश इलाके इंदिरा नगर स्थित सुभाष मार्ग की सड़कों की हालत इन दिनों बदहाल बनी हुई है। सड़क जगह-जगह से टूट चुकी है और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खास बात यह है कि इस मार्ग पर दर्जनों डॉक्टरों के क्लिनिक और छोटे-बड़े अस्पताल स्थित हैं, जहां प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन रहता है, लेकिन इसके बावजूद नगर परिषद की ओर से सड़क की मरम्मत को लेकर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की मरम्मत की मांग की जा रही है, लेकिन जिम्मेदारों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में परेशान होकर क्षेत्र के रहवासियों ने अपने स्तर पर ही सड़क के गड्ढों को भरने का कार्य शुरू कर दिया। वार्डवासियों ने अपने खर्चे से बजरी, रोड़ी और सीमेंट मंगवाकर टूटे हिस्सों और खड्डों को भरने का प्रयास किया, ताकि राहगीरों को राहत मिल सके।
पूर्व नगर परिषद कर्मचारी काशम अली, हिमालय डिपार्टमेंट स्टोर के मालिक प्रमोद कुमावत तथा चाय का ठेला लगाने वाले सुनील सहित अन्य स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है। मरीजों को लेकर अस्पताल पहुंचने वाले वाहनों को भी काफी परेशानी होती है।
स्थानीय लोगों ने नगर परिषद प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत करवाने की मांग की है, ताकि इस व्यस्त मार्ग पर आवागमन सुचारु हो सके और आमजन को राहत मिल सके।