अतिक्रमण पर चला नगरपालिका का बुलडोजर
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । शहर में सार्वजनिक भूमि एवं आम रास्तों पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ नगरपालिका ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। तहसीलदार कुटेंद्र कंवर एवं नगरपालिका अधिशाषी अधिकारी हरेंद्र चौधरी की मौजूदगी में पालिका टीम ने पूरे लवाजमे के साथ चिन्हित अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाकर शहर के करीब आधा दर्जन स्थानों से अवैध कब्जे हटाए। जानकारी के अनुसार जावाबास स्थित बावरियों की गुवाड़ी में सार्वजनिक चौक एवं आम रास्ते की भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत मिलने के बाद नगरपालिका टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कार्रवाई करते हुए चौक पर बनाई गई अवैध चारदीवारी को बुलडोजर की मदद से ध्वस्त किया और सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त करवाया। इसके बाद टीम ने मगरा बास में एक मिष्ठान भंडार के बाहर किए गए अवैध कब्जे एवं चौकियों को हटाया। वहीं सरकारी अस्पताल के पास दरगाह की भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को लेकर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पालिका टीम ने बस स्टैंड क्षेत्र में सड़क एवं सार्वजनिक रास्ते पर लगाए गए सब्जी के ठेलों को भी कल तक हटाने के निर्देश दिए हैं। टीम ने निर्धारित अवधि में अतिक्रमण नहीं हटाने पर सामान जब्त करने की चेतावनी दी है। नगरपालिका की इस कार्रवाई की शहर में दिनभर चर्चा रही। कार्रवाई के दौरान नन्द किशोर चौधरी, संजय कुमार बारासा, राजु सिंह पंवार, अरविंद धवल, जमादार महेंद्र कुमार सहित पालिका कार्मिक एवं पुलिस के जवान मौजूद रहे।