खाते में कम भुगतान आने पर नरेगा कर्मियों ने किया कार्य बहिष्कार

खेतड़ी,(जयंत खाँखरा)29 मई। कोरोना काल में जहां राज्य और केंद्र सरकार जरूरतमंद और गरीब लोगों को राहत पहुंचाने के लिए कई योजनाएं संचालित कर उन्हें लाभ दे रही है लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां करती है।

ऐसा ही एक मामला खेतड़ी क्षेत्र से जुड़ा नरेगा कर्मियों का आया जहां उनसे काम पूरे समय तक लिया जाता है लेकिन उनकी जेब पर न जाने कौन डाका डाल रहा है। काम पूरा करवाया जा रहा है लेकिन खाते में पैसे कम आ रहे हैं।

मामला उपखंड के खरखड़ा ग्राम पंचायत में कार्यरत नरेगा कर्मियों का है जहां नरेगा कर्मियों ने खाते में कम भुगतान आने पर आधे घंटे तक कार्यस्थल पर आक्रोशित होकर कार्य बहिष्कार किया। नरेगा कर्मी रमेश कुमार, रोताश, जगरुप, तेजपाल, कला देवी, मनोज देवी, भगोती व कृष्णा ने बताया कि वे नरेगा में खरखड़ा में श्मसान भूमि में समतलीकरण व झाडिय़ा कटाई का कार्य कर रहे है। उनके खातों में मजदूरी का भुगतान एक सौ रुपए प्रतिदिन के हिसाब से आया है। जबकि सरकार की तरफ से निर्धारित दर दो सौ बीस रुपए है। जबकि वे सुबह 6 बजे से दोपहर एक बजे तक कार्य करते है।

मजदूरों का भुगतान काम की टास्क के अनुसार किया जाता है। खरखड़ा में यदि कम राशि आई है तो पुन: कार्य की जांच करवा ली जावेगी।-महेन्द्र सिंह, विकास अधिकारी

You might also like