गढ़मुक्तेश्वर के लिए निशुल्क बस सेवा को झंडी दिखाई विधायक ने

लॉक डाउन के चलते परिजन नहीं कर पा रहे थे अस्थियां विसर्जित

नीमकाथाना,(हरीश देवन्दा)23 मई। कोविड-19 के दौरान लगे लॉक डाउन के चलते स्थानीय लोग अपने परिजनों की मृत्यु के बाद उनकी अस्थियों का विसर्जन गढ़मुक्तेश्वर में नहीं कर पा रहे थे। स्थानीय विधायक सुरेश मोदी अस्थि विसर्जन में सहायता को लेकर गढ़ मुक्तेश्वर के लिए नि:शुल्क बस सेवा शुरू की। लॉक डाउन के लागू होने के बाद विभिन्न कारणों से दिवगंत परिजनों की अस्थि विसर्जन नहीं कर पा रहे थे।

विधायक मोदी ने अस्थियां विसर्जन करवाने के लिए शनिवार को पंचायत समिति से गढ़मुक्तेश्वर के लिए बस को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। बस में 35 लोगों को अपने परिजनों की अस्थियां विसर्जन करने के लिए भेजा गया। बस को रवाना करने से पहले लॉक डाउन के नियमों की पूरी तरह पालना करते हुए सम्पूर्ण बस को सैनेटाइज करवाया गया और सभी लोगों की मेडिकल जांच करवाई गई एवं सभी को मास्क वितरित किये गये।

विधायक मोदी ने कहा कि यह अत्यन्त पीड़ादायक है कि अपने परिजनों के निधन के बाद शोकाकुल परिवार उनकी अस्थियों का विसर्जन नहीं कर पाए। इससे शोक संतप्त परिजन अस्थि विसर्जन स्थलों पर सुगमतापूर्वक पहुंच सकेंगे।

इस मौके पर तहसीलदार बृजेश गुप्ताए, पंचायत समिति बीडीओं राजूराम सैनी, पाटन ब्लॉक अध्यक्ष कान्ता प्रसाद शर्मा, नगर अध्यक्ष मदनलाल सैनी, रामशरण बोपिया, डूगा की नांगल सरपंच प्रत्याशी मालाराम गुर्जर और मेडिकल स्टॉफ मौजूद रहा।

You might also like