कोरोना योद्धा: सरकारी अस्पताल में बिना वेतन सेवा दे रहा सोनू
युवाओं के लिए बना प्रेरणास्रोत
चूरू,(पीयूष शर्मा)22 मई। कोरोना संक्रमण काल में शहर का एक युवा शहर के राजकीय डेडराज भरतिया अस्पताल में मरीजों के लिए दो महीने से निशुल्क सेवा दे रहा है।
जी हां हम बात कर रहे हैं शहर में वाल्मीकि बस्ती स्थित वार्ड 42 निवासी सोनू की। सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक कोरोना पीडि़तों की मदद सहित अस्पताल के अन्य कामों में हाथ बंटाता ये युवा अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकों का भी चहेता बन चुका है। सामाजिक सरोकारों में अग्रणी सोनू सेवा कार्यों के लिए अपने दादा विश्वनाथ पंवार को आदर्श मानता है। पूछने पर सोनू ने बताया कि नगर परिषद चूरू में फायरमैन रहे दादाजी विश्वनाथ पंवार ने पूरे परिवार को ईमानदारी व जनसेवा का पाठ पढ़ाया। बस उन्हीं के आदर्शों को आत्मसात कर पीडि़त मानवता की सेवा में जुटा हूं। बड़े भाई राकेश पंवार भी समय-समय पर जनसेवा के लिए प्रेरित करते हैं।