15 साल बाद भी नहीं मिला आशियाना, ठगे गए सपनों के खरीदार
निसं
बुगाला (नवयत्न)। घर का सपना लेकर 15 साल पहले फ्लैट बुक कराने वाले सैकड़ों आवेदक आज भी अपने आशियाने का इंतजार कर रहे हैं। समय के साथ उम्मीदें टूटती गईं, लेकिन फ्लैट का कब्जा आज तक नहीं मिला। हालात यह हैं कि लोग एक तरफ बैंक की किश्तें भर रहे हैं, तो दूसरी ओर किराए के मकान में रहने को मजबूर हैं।बुगाला के प्रमोद शर्मा,शिवप्रसाद जांगिड़,घासीराम कुमावत व बड़ागांव के ओमप्रकाश भामा आदि आवेदकों ने 15 साल पहले अपनी जमा पूंजी और बैंक लोन के जरिए नगर परिषद व असांही इंस्ट्राफक्चर द्वारा मंड्रेला रोड़ पर आवासीय कॉलोनी में फ्लैट बुक कराए थे। बिल्डरों ने समय पर निर्माण और कब्जा देने का वादा किया था, लेकिन अभी तक मकानों का कब्जा नहीं दिया। कुछ आवेदकों को कब्जा दिया गया उसमें अभी तक पानी व बिजली के कनेक्शन नहीं हुए हैं।
बिल्डर और सिस्टम की लापरवाही
पीड़ितों का आरोप है कि बिल्डर ने पैसे लेने के बाद काम में ढिलाई बरती। वहीं, प्रशासनिक स्तर पर भी समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं होने से समस्या और बढ़ती गई।फ्लैट न मिलने से उन्हें आर्थिक और मानसिक दोनों तरह की परेशानी झेलनी पड़ रही है।
खरीदारों में बढ़ रहा आक्रोश
लंबे इंतजार और अनदेखी से परेशान खरीदार अब एकजुट होकर आंदोलन की तैयारी कर रहे हैं। उनका कहना है कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।पीड़ितों ने सरकार,उपभोक्ता मंच और संबंधित विभागों से मांग की है कि जल्द से जल्द अधूरे प्रोजेक्ट को पूरा करवाकर फ्लैट का कब्जा दिलाया जाए या फिर उनकी जमा राशि ब्याज सहित वापस लौटाई जाए।15 साल का लंबा इंतजार अब खरीदारों के सब्र की परीक्षा बन चुका है। अगर समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो यह मामला बड़ा जनआंदोलन बन सकता है।