मदरसा नूरुल इस्लाम में बच्चों को परोसा पौष्टिक एवं विशेष आहार

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न)। राजस्थान मदरसा बोर्ड द्वारा संचालित मदरसा नूरुल इस्लाम में बच्चों के स्वास्थ्य, शारीरिक विकास एवं बेहतर पोषण को ध्यान में रखते हुए विशेष डाइट के तहत पौष्टिक एवं स्वादिष्ट भोजन परोसा गया। विशेष आहार मिलने से बच्चों के चेहरों पर खुशी नजर आई और उन्होंने उत्साह के साथ भोजन का आनंद लिया। विशेष डाइट के तहत मदरसे में अध्ययनरत सभी बच्चों के लिए काजू की कतली, मिठाई तथा मटर-पनीर की सब्जी सहित स्वादिष्ट एवं पौष्टिक व्यंजनों की व्यवस्था की गई। पौष्टिक भोजन के साथ स्वाद का भी विशेष ध्यान रखा गया, जिससे बच्चों ने बड़े उत्साह के साथ भोजन किया। मदरसा प्रबंधन की ओर से अख्तर भाटी ने बताया कि बच्चों के स्वस्थ शारीरिक विकास एवं बेहतर पोषण को प्राथमिकता देते हुए समय-समय पर इस प्रकार के पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए संतुलित एवं पौष्टिक भोजन उनके स्वास्थ्य के साथ-साथ पढ़ाई में एकाग्रता के लिए भी महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर मदरसा प्रबंधन एवं शिक्षकों ने बच्चों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व के बारे में जानकारी दी और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा अनुदेशक मोहम्मद जहांगीर सोलंकी, मोहम्मद रफीक बल्खी, सैयद मुश्ताक अली सहित मदरसा स्टाफ मौजूद रहा।

You might also like