पानी की समस्या को लेकर घेराव
विधायक अभिनेश महर्षि ने बिंदुवार समस्या से करवाया अवगत
रतनगढ़,(नवरतन वर्मा)20 मई। क्षेत्र में पानी की समस्या को लेकर बुधवार को विधायक अभिनेश महर्षि ने गंभीरता दिखाते हुए जलदाय विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालय में पहुंचकर अधिकारियों का घेराव किया। इस दौरान उन्होंने अधिशासी अभियंता रामदेव पारीक को बिंदुवार समस्याएं बताकर उनका समाधान करने के लिए कहा। विधायक अभिनेश महर्षि के साथ दर्जनों कार्यकर्ता सोशल डिस्टेंस बनाए हुए मौजूद थे।
इस दौरान विधायक अभिनेश महर्षि ने क्षेत्र में गर्मी के साथ ही बढ़ रही पानी की समस्या को लेकर अधिकारियों को अवगत करवाते हुए उनके द्वारा गलत भेजे गए जवाबों पर प्रतिक्रिया करते हुए उन्हें समस्याओं को बिंदुवार बताया। जिस पर विभाग के उपस्थित अधिकारियों ने शीघ्र ही समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया।
विधायक अभिनेश महर्षि ने बताया कि मेरे द्वारा वीसी व विधानसभा में मुद्दा उठाने के बाद उच्च अधिकारियों ने समस्याओं की सूची मांगी, जिस पर मैंने सभी समस्याएं बिंदुवार लिखकर उच्च अधिकारियों एवं स्थानीय अधिकारियों को भेज दी गई लेकिन कल स्थानीय अधिकारियों ने जवाब भेजा उसमें असत्यता थी। अनेकों जगह इनके द्वारा कोई समस्या का समाधान नहीं हुआ इसके बावजूद भी उन्होंने समस्याओं का समाधान कर दिया बताया, जिस पर आज मैंने स्वयं इन अधिकारियों से मिलकर इन्हें बिंदुवार समस्या से अवगत करवाने का निर्णय लिया। विधायक अभिनेश महर्षि ने जलदाय विभाग के अधिकारियों को सात दिवस में समस्याओं का समाधान करने की चेतावनी दी है।
इस अवसर पर उनके साथ भाजपा शहर अध्यक्ष अरविंद इंदौरिया, एडवोकेट बजरंग गुर्जर, अर्जुन सिंह फ्रांसा, राकेश शर्मा, सुनील शर्मा, अरुण व धनराज इंदौरिया सहित भाजपा के दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।